2/3 लोग बदलना चाहते हैं मनमोहन सरकारः सर्वेक्षण

2/3 लोग बदलना चाहते हैं मनमोहन सरकारः सर्वेक्षण

देश के दो तिहाई लोग केंद्र में मनमोहन सिंह सरकार को बदलना चाहते हैं। 'मूड ऑफ नेशन' सर्वेक्षण के अनुसार करीब दो तिहाई लोग केंद्र की सरकार बदलना चाहते हैं। यह सर्वेक्षण समाचार वेबसाइट 'लेंसऑनन्यूज डॉट कॉम' ने करवाया है।

सर्वेक्षण के अनुसार, केवल 34 प्रतिशत लोग अब भी मनमोहन सिंह सरकार के बने रहने के पक्ष में हैं। सर्वेक्षण रिपोर्ट में कहा गया है, ''राहुल गांधी साफ तौर पर मनमोहन सिंह की तुलना में लोगों को अधिक पसंद हैं। करीब 46 प्रतिशत लोगों का मानना है कि राहुल गांधी बेहतर प्रधानमंत्री हो सकते हैं, जबकि 34 प्रतिशत का कहना है कि मनमोहन सिंह को पद पर बने रहना चाहिए।'' सर्वेक्षण रिपोर्ट में हालांकि कहा गया है कि प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी और भारतीय जनता पार्टी के नेता तथा गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी में से 53 प्रतिशत लोगों ने मोदी को पसंद किया। यह सर्वेक्षण 14 राज्यों के 40 लोकसभा क्षेत्रों में 3,800 मतदाताओं में 12-16 जून के बीच किया गया।
सर्वेक्षण में कहा गया है कि शहरी इलाकों में खासकर उच्च शिक्षा प्राप्त और ऊंची जातियों के बीच कांग्रेस के नेतृत्व से लोगों का मोहभंग होने लगा है। इसके मुताबिक, ''यह बड़ा अजीब है कि इसी वर्ग ने 2009 के चुनाव में कांग्रेस को व्यापक समर्थन दिया था। लेकिन मालूम होता है कि कांग्रेस बुद्धिजीवी लोगों का समर्थन खोती जा रही है।'' राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के रूप में पसंद करने वालों में मुस्लिम, महिलाएं, किसान और मजदूर वर्ग के लोग अधिक हैं।


© 2011All rights reserved for Dwarkeshvyas